विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास
प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, योग को दिनचर्या में शामिल करने का किया आह्वान
महासमुंद। 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर शनिवार को महासमुंद शहर स्थित इनडोर स्टेडियम (संजय कानन के सामने) में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, राज्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दयाल दास बघेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। श्री बघेल ने कार्यक्रम में स्वयं योगाभ्यास किया तथा उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि आज भारत के साथ-साथ पूरा विश्व योग कर रहा है, जो देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग करने की अपील की।
छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि योग सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने का माध्यम है। योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि योग ऐसी विधा है जिसे कहीं भी और कभी भी किया जा सकता है। इससे मन और शरीर दोनों सशक्त एवं स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त हुई है।
जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास की सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे आज दुनिया के 177 से अधिक देश अपना रहे हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को निरोगी जीवन, मानसिक शांति तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
