नगर पालिका करेगी बल्क वेस्ट जनरेटरों का सर्वे
होटल, अस्पताल, छात्रावास और बड़े संस्थानों में अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की होगी जांच
महासमुंद। नगर पालिका परिषद ने नगरीय क्षेत्र में स्थित बल्क वेस्ट जनरेटरों (बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों) की पहचान एवं सर्वेक्षण के लिए विशेष दल का गठन किया है। इस अभियान के तहत नगर क्षेत्र के होटल, छात्रावास, अस्पताल, मैरिज गार्डन, व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा अन्य बड़े अपशिष्ट उत्पादक संस्थानों का सर्वे किया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह सर्वे अभियान शुरू किया जा रहा है। गठित दल क्षेत्रवार भ्रमण कर बल्क वेस्ट जनरेटरों की जानकारी एकत्रित करेगा तथा उनके यहां अपशिष्ट पृथक्करण, संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगा।
नगर पालिका के अनुसार सर्वेक्षण के दौरान संबंधित संस्थानों में कचरा प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं का भी मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
नगर पालिका ने सभी संबंधित संस्थानों, प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक इकाइयों से अपील की है कि वे सर्वे दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी नियमों का गंभीरता से पालन करें।
नगर पालिका प्रशासन का मानना है कि सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर नगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा, जिससे स्वच्छ और स्वस्थ शहर के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
