घर की अनुपयोगी वस्तुएं बनेंगी जरूरतमंदों का सहारा

नगर पालिका के आर.आर.आर. सेंटर से जुड़ने की अपील,
“रिड्युस-रीयूज-रिसाइकिल अपनाकर करें पर्यावरण संरक्षण”
महासमुंद। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में संचालित आर.आर.आर. ( रिड्यूस रीयूज रिसाइकिल) सेंटर के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल की जा रही है। इस सेंटर का उद्देश्य घरों में पड़ी ऐसी उपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग सुनिश्चित करना है, जिन्हें लोग अक्सर अनुपयोगी समझकर फेंक देते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने घरों में रखी पुरानी लेकिन उपयोग योग्य सामग्री जैसे कपड़े, पुस्तकें, खिलौने, जूते, बैग, फर्नीचर एवं अन्य घरेलू वस्तुएं आर.आर.आर. सेंटर में जमा करें। इससे जरूरतमंद लोगों को सहायता मिलेगी और शहर में कचरे की मात्रा कम करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में “रिड्यूस रीयूज और रिसाइकिल” की आदत अपनाकर न केवल नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
नगर पालिका परिषद के अनुसार आर.आर.आर. सेंटर के माध्यम से एकत्रित सामग्री को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे सामाजिक सहयोग और सेवा की भावना भी मजबूत होगी। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी सहायक साबित हो रही है।
पालिका प्रशासन ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता निभाने की अपील की है। नगर पालिका का कहना है कि यदि लोग नियमित रूप से उपयोगी वस्तुओं को फेंकने के बजाय आर.आर.आर. सेंटर तक पहुंचाएं, तो इससे शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
क्या है आर.आर.आर. सेंटर?
आर.आर.आर. सेंटर “रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल” की अवधारणा पर आधारित एक पहल है, जहां नागरिक अपनी उपयोग योग्य पुरानी वस्तुएं जमा कर सकते हैं। इन वस्तुओं का पुनः उपयोग कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलता है।