राजू चंद्राकर बनाएं गए कृषि विभाग का विधायक प्रतिनिधि
किसानों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में निभाएंगे अहम भूमिका
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारिकाधीश यादव ने संगठनात्मक मजबूती और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुनगासेर के सरपंच प्रतिनिधि राजू भुनेश्वर चंद्राकर को कृषि विभाग का विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को क्षेत्र के किसानों और कृषि विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक श्री यादव ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कृषि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजू चन्दाकर अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सक्रियता और ईमानदारी से करेंगे तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विधायक ने कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़े किसानों को समय पर जानकारी, योजनाओं का लाभ और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय प्रतिनिधियों की आवश्यकता होती है। राजू चन्दाकर की नियुक्ति इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर की गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजू भुनेश्वर चंद्राकर ने विधायक द्वारिकाधीश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और कृषि विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान कोमाखान ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, बागबाहरा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष देवनाथ साहू, खोमेश साहू, कृष्ण दीवान, गणेश दीवान तथा बाबूलाल दीवान सहित अनेक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
