सीबीएसई 12वीं परीक्षा में अदिति तिवारी ने लहराया सफलता का परचम

93.40 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का बढ़ाया मान
महासमुंद। शहर के क्लबपारा की प्रतिभाशाली छात्रा अदिति तिवारी ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 में 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। अदिति की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
अदिति ने अपनी कक्षा 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई “अकादमिक वर्ल्ड स्कूल” से पूरी की। विद्यालय में अध्ययन के दौरान उन्होंने पढ़ाई के प्रति गंभीरता, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
अदिति ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता श्रीमती रुपाली तिवारी एवं पिता उत्तम कुमार तिवारी को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने हर परिस्थिति में उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा दी। उनके विश्वास और सहयोग ने ही उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की ताकत दी।
उन्होंने अपने दादा राजा बाबू तिवारी एवं दादी श्रीमती गीता तिवारी के आशीर्वाद को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। अदिति ने कहा कि परिवार से मिले संस्कार, समर्थन और स्नेह ने हमेशा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अदिति ने अपने शिक्षकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा ने पढ़ाई को आसान और आत्मविश्वास से भरपूर बनाया। शिक्षकों ने उन्हें केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की सही दिशा भी दिखाई। अदिति की इस शानदार उपलब्धि से पूरा परिवार और क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।