सोलर पावर प्लांट में लाखों की चोरी, फेंसिंग काटकर ले गए वायर और कनेक्टर
महासमुंद। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम साल्हेभांठा स्थित ‘विपुल विद्युत प्राइवेट लिमिटेड’ के सोलर पावर प्लांट में अज्ञात चोरों ने फेंसिंग काटकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर प्लांट से हजारों रुपये कीमत के डीसी वायर, एमसी-4 कनेक्टर और पाइप चोरी कर ले गए। तेंदूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्लांट के साइड इंचार्ज महेश कुमार तारम ने पुलिस को बताया कि चोरी की घटना 12 से 14 नवंबर के बीच हुई। 13 नवंबर की शाम बिजली उत्पादन में अचानक गिरावट दर्ज हुई थी, जिसे शुरुआत में तकनीकी खराबी समझा गया। लेकिन 14 नवंबर की शाम पीवी वार्ड का निरीक्षण करने पर वायरिंग कटी और क्षतिग्रस्त मिली।
बताया गया कि 14 नवंबर की रात प्लांट में दो सुरक्षा गार्डों सहित तीन अन्य लोगों की ड्यूटी लगी थी, इसके बावजूद चोर दूसरे ब्लॉक में चोरी करने में सफल रहे। चोरों ने प्लांट के पीछे लगी फेंसिंग काटकर अंदर प्रवेश किया था।
शिकायत के अनुसार चोर करीब 3562 मीटर डीसी वायर, 225 पेयर एमसी-4 कनेक्टर तथा 100 मीटर कंडयूट पाइप चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। तेंदूकोना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
