चिंगरौद-हथखोज मार्ग निर्माण का भूमिपूजन, 5.85 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क व पुलिया

विधायक – ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी, बरसात में आवागमन बनेगा आसान
महासमुंद। क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने चिंगरौद-हथखोज मार्ग एवं पुलिया निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। करीब 5 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस मार्ग से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही महासमुंद और गरियाबंद जिले के बीच आवाजाही भी अधिक सुगम हो जाएगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह मार्ग आगे गरियाबंद जिले को जोड़ता है और लंबे समय से क्षेत्रवासी इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। विशेष रूप से बरसात के दिनों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क और पुलिया निर्माण से अब ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम बम्हनी स्थित प्रसिद्ध बम्हनेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। गरियाबंद क्षेत्र से आने वाले शिवभक्तों को भी इस सड़क निर्माण से विशेष लाभ मिलेगा।
डबल इंजन सरकार में तेजी से हो रहे विकास कार्य
विधायक सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन के संकल्प के साथ विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। गांवों के पहुंच मार्गों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों का भी निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं से ग्रामीणों को राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मजदूर, किसान, व्यापारी और सरकारी कर्मचारियों सहित हर वर्ग के हित में सरकार कार्य कर रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में बाधाएं आती थीं, लेकिन अब योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, ग्रामीण मंडल महामंत्री साजन यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश साहू, श्याम साकरकर, राजेंद्र चंद्राकर, पीयूष साहू, दिनेश रूपरेला, अभिषेक पांडे, सोसायटी अध्यक्ष नामदेव साहू, रामेश्वर पांडे, बम्हनी सरपंच रूपा घनश्याम ध्रुव, चिंगरौद सरपंच छेरकु धीवर, बरोंडाबाजार सरपंच लेखराज साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।