जिले में पेट्रोल, डीजल व गैस की पर्याप्त उपलब्धता
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील, जरूरत अनुसार ही करें खरीदारी
महासमुंद। जिले में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि ईंधन की कमी संबंधी किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से पेट्रोल, डीजल या गैस का भंडारण न करें।
प्रभारी खाद्य अधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव के अनुसार जिले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के 35, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 29 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 40 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं।
आईओसीएल के 35 वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन लगभग 15 केएल पेट्रोल एवं 28 केएल डीजल का विक्रय किया जा रहा है। वर्तमान में कंपनी के पास 270 केएल पेट्रोल और 240 केएल डीजल का स्टॉक उपलब्ध है, जो क्रमशः 15 दिन एवं 8 दिन की आवश्यकता के लिए पर्याप्त बताया गया है।
इसी प्रकार बीपीसीएल के 29 वितरकों द्वारा प्रतिदिन 29 केएल पेट्रोल एवं 57 केएल डीजल का वितरण किया जा रहा है। कंपनी के पास वर्तमान में 225 केएल पेट्रोल एवं 278 केएल डीजल उपलब्ध है, जो पेट्रोल के लिए 8 दिन तथा डीजल के लिए 5 दिन की आवश्यकता को पूरा करने में सक्षम है।
वहीं एचपीसीएल के 40 वितरकों द्वारा प्रतिदिन 42 केएल पेट्रोल एवं 58 केएल डीजल का विक्रय किया जा रहा है। कंपनी के पास 312 केएल पेट्रोल एवं 365 केएल डीजल का स्टॉक उपलब्ध है, जो लगभग 7 दिनों के लिए पर्याप्त है।
जिले में 9 दिन का पेट्रोल और 6 दिन का डीजल स्टॉक
जिले में प्रतिदिन पेट्रोल की कुल खपत लगभग 86 केएल है, जबकि वर्तमान में 807 केएल पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध है, जो लगभग 9 दिनों के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। इसी प्रकार डीजल की दैनिक खपत 143 केएल है और जिले में 883 केएल डीजल उपलब्ध है, जो करीब 6 दिनों की आवश्यकता को पूरा करने में सक्षम है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मांग एवं दैनिक खपत के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है तथा ऑयल कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
घरेलू गैस सिलेंडरों की भी पर्याप्त उपलब्धता
प्रभारी खाद्य अधिकारी ने बताया कि शासन एवं विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले की सभी गैस एजेंसियों से प्रतिदिन स्टॉक एवं आपूर्ति संबंधी रिपोर्ट ली जा रही है। एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा बुकिंग के अनुरूप नियमित डिलीवरी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन 1378 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी हो रही है। 14 मई की स्थिति में गैस एजेंसियों के पास 1716 सिलेंडरों का ओपनिंग स्टॉक उपलब्ध था, वहीं उसी दिन सप्लाई प्लांट से 2454 सिलेंडरों की अतिरिक्त आपूर्ति की गई। इस प्रकार जिले में कुल 4170 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध रहा।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल, डीजल एवं गैस की कमी संबंधी किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। आवश्यकता होने पर ही ईंधन एवं गैस प्राप्त करें तथा अनावश्यक रूप से लाइन में लगने या घरों में स्टॉक जमा करने से बचें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पेट्रोल, डीजल एवं गैस की कमी को लेकर भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला स्तरीय मीडिया एवं निगरानी समिति का गठन भी किया गया है।
