आदिवासी परिवार की जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप, भाजपा नेता दंपति पर मामला दर्ज

धान कटाई रोकने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप
आत्मदाह की चेतावनी के बाद हरकत में आया प्रशासन
महासमुंद। आदिवासी परिवार की कृषि भूमि पर कब्जा करने की नीयत से धान कटाई रोकने, जातिसूचक गालियां देने तथा जान से मरवाने की धमकी देने के गंभीर आरोप में भाजपा नेता और उसकी पत्नी के खिलाफ पिथौरा थाना में अपराध दर्ज किया गया है। पीड़ित परिवार पिछले छह माह से थाना, एसडीएम कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय के चक्कर काटकर न्याय की गुहार लगा रहा था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से परेशान परिवार ने मुख्यमंत्री के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार ग्राम टेका सुंदरगढ़पारा निवासी मनबोध कोड़ाकू ने पिथौरा थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2014-15 में ग्राम साल्हेतराई निवासी भगबतीया बरिहा से ग्राम डोंगरीपाली स्थित खसरा नंबर 425/1, रकबा 1.37 हेक्टेयर (करीब 3.42 एकड़) कृषि भूमि 2 लाख 74 हजार रुपये में खरीदी थी। उक्त भूमि वर्तमान में मनबोध कोड़ाकू, राजकुमार कोड़ाकू एवं खेल कुमार कोड़ाकू के नाम पर दर्ज है और परिवार लंबे समय से उस भूमि पर खेती-किसानी करता आ रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2025 में भी परिवार ने उक्त भूमि पर खरीफ धान की फसल लगाई थी। फसल पकने के बाद 10 नवंबर 2025 को मनबोध कोड़ाकू अपने परिवार के साथ खेत में धान कटाई करने पहुंचा था। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे भाजपा नेता दुलीकेशन साहू और उनकी पत्नी किरण साहू वहां पहुंचे और धान कटाई रोकने लगे।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने अश्लील गालियां देते हुए आदिवासी समाज के खिलाफ अपमानजनक जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। साथ ही परिवार को जान से मरवा देने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद परिवार भय और दहशत में जीवन यापन कर रहा था।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने कई बार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन लंबे समय तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लगातार हो रही अनदेखी से परेशान होकर परिवार ने मुख्यमंत्री के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
पिथौरा पुलिस ने मनबोध कोड़ाकू की रिपोर्ट पर भाजपा नेता दुलीकेशन साहू एवं उनकी पत्नी किरण साहू के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित धारा 3(5) और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।