77 किलो गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार:

एंबुलेंस से हो रही थी तस्करी, 50 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 77 किलोग्राम गांजा के साथ पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में गांजा परिवहन में इस्तेमाल की गई एंबुलेंस, एक पायलेटिंग कार और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 50 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर गांजा को ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से महाराष्ट्र के सोलापुर ले जाने की योजना बना रहे थे। तस्करी के लिए महाराष्ट्र पासिंग एंबुलेंस का उपयोग किया जा रहा था, जिसके आगे एक कार पायलेटिंग वाहन के रूप में चल रही थी। पुलिस ने इस मार्ग पर गांजा तस्करी के ऐसे प्रयास को तीसरी बार विफल किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से महासमुंद की ओर एक एंबुलेंस (वाहन क्रमांक एमएच 13 सीयू 0707) में गांजा ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी की गई और संदिग्ध एंबुलेंस तथा पायलेटिंग कार (वाहन क्रमांक एमएच 12 एनबी 5277) को रोक लिया गया।
वाहनों की तलाशी और पूछताछ के दौरान एंबुलेंस से लगभग 77 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना कोमाखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एंबुलेंस चालक आकाश उर्फ अक्षय जाधव (27 वर्ष, निवासी खड़की, थाना तांबुलवाड़ी, जिला धाराशिव, महाराष्ट्र) शामिल है। पायलेटिंग कार में सवार अन्य आरोपी लिंबाजी जाधव (33 वर्ष, निवासी खड़की, थाना तांबुलवाड़ी, जिला धाराशिव, महाराष्ट्र), धनंजय लोखंडे (25 वर्ष, निवासी संतोषनगर वाडे, थाना सोलापुर, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र), प्रथमेश पिंगले (20 वर्ष, निवासी संतोषनगर वाडे, थाना सोलापुर, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र) और अजय काले (25 वर्ष, निवासी कुलजारपुर नाका, थाना व जिला धाराशिव, महाराष्ट्र) हैं।
जब्त किए गए सामानों की अनुमानित कीमत इस प्रकार है: 77 किलोग्राम गांजा की कीमत 38 लाख 50 हजार रुपये, एंबुलेंस की कीमत लगभग 8 लाख रुपये, पायलेटिंग कार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये और पांच मोबाइल फोन की कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई है।