हाईवे पर खड़े वाहन से बोलेरो टकराई, किशोर की मौत
काठी ढाबा के पास हुआ हादसा, आईचर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
महासमुंद। जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-53 पर सड़क किनारे खड़े वाहन से बोलेरो टकराने से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आईचर वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम बरेकेलकला निवासी जितेंद्र यादव (17 वर्ष) की मर्ग जांच की गई। जांच में पता चला कि 5 मई को वह बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 04 पीजेड 7872 में सवार होकर ओडिशा से माल खाली कर रायपुर लौट रहा था।
शाम करीब 6 बजे जब बोलेरो पिथौरा स्थित नेशनल हाईवे-53 पर काठी ढाबा के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे बिना किसी संकेत के खड़े आईचर वाहन क्रमांक सीजी 07 सीके 9794 से पीछे से जा टकराई। दुर्घटना में जितेंद्र यादव को चेहरे, सीने, बांये पैर, बांये कंधे और बांये हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में आईचर वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) और 285 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
