पुरानी रंजिश में दंपती से मारपीट, चार आरोपियों पर मामला दर्ज
गांव की बैठक खत्म होने के बाद हुआ विवाद
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बिछिया में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम बिछिया निवासी संत कुमार बंजारा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 04 मई की रात करीब 10 बजे गांव में एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक समाप्त होने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राकेश बंजारा, राहुल बंजारा, सियाराम बंजारा और खीरसागर बंजारा ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी संतोषी बंजारा के साथ भी मारपीट की गई।
मामले की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
