गाली-गलौज से रोकने पर युवक की पिटाई, दो के खिलाफ अपराध दर्ज
बागबाहरा के कर्रापारा वार्ड की घटना
महासमुंद। बागबाहरा नगर के कर्रापारा वार्ड में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-09 कर्रापारा बागबाहरा निवासी श्रवण साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 7 मई की दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान संतोष यादव उर्फ बउ और प्रेम चौहान वहां गाली-गलौज कर रहे थे।
श्रवण साहू ने दोनों को गाली देने से मना किया, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
मामले की रिपोर्ट पर बागबाहरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
