रास्ता मांगने के विवाद में पिता-पुत्र से मारपीट, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
चारभांठा गांव की घटना, डंडे से हमला करने का आरोप
महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारभांठा में जमीन पर आने-जाने के रास्ते को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चारभांठा निवासी भीखम निराला पिता धरमदास निराला (62 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 05 मई की रात करीब 8 बजे उसका भतीजा पुनऊ निराला, नरेंद्र निराला और विकास निराला उसके घर पहुंचे। इस दौरान तीनों ने उनके हिस्से की जमीन से आने-जाने के लिए रास्ता मांगते हुए विवाद शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने पहले उसके पुत्र हेमंत निराला के साथ गाली-गलौज की और डंडे से मारपीट की। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले की रिपोर्ट पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
