एमएसएमई को मिलेगा नया संबल: सरायपाली में इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट 29 अप्रैल को
उद्यमियों को ऋण योजनाओं, वित्तीय सहायता और औद्योगिक नीतियों की दी जाएगी विस्तृत जानकारी
महासमुंद। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करने और उन्हें वित्तीय रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस’ योजना के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, महासमुंद द्वारा इंडस्ट्रीज एवं बैंकर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है।
यह महत्वपूर्ण कार्यशाला 29 अप्रैल 2026 को अपराह्न 3 बजे से सरायपाली स्थित जोका कैफे, नगर पालिका के पास पतेरापाली रोड में आयोजित होगी।
महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। कार्यशाला में बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न ऋण योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही उद्यमियों को आने वाली वित्तीय चुनौतियों के समाधान के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम में औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत उपलब्ध सुविधाएं, छूट, अनुदान एवं रियायतों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की जाएगी, जिससे उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिल सके।
इस कार्यशाला में बैंक अधिकारी, एमएसएमई उद्यमी, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) एवं अन्य इच्छुक व्यक्ति भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने विकासखंड सरायपाली के सभी उद्यमियों एवं लाभार्थियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
