जनदर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़, 58 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सीईओ ने अधिकारियों को दिए निर्देश-पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ें
महासमुंद। कलेक्टर की गैरमौजूदगी में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन के दौरान कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए।
सीईओ श्री नंदनवार ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनदर्शन में विभिन्न प्रकार के आवेदन सामने आए। ग्राम मुरकी निवासी भारत राम सोनवानी ने सीमांकन रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग रखी। वहीं, ईमली भाठा की मंजू साहू ने प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति के लिए आवेदन दिया। रमनटोला की वर्ष साहू ने अपने बच्चे का आरटीई के तहत स्कूल में प्रवेश कराने की मांग की।
इसी तरह ग्राम रायतुम के पंचराम मोंगरे ने भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना में त्रुटि सुधार कर लाभ दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया। महामाया पारा की रजनी बाई दुबे ने अंत्योदय राशन कार्ड बंद होने की समस्या उठाई, जबकि ग्राम जोगीडीपा के ग्रामीणों ने जल संकट के समाधान के लिए सामूहिक आवेदन दिया। इसके अतिरिक्त दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा लंबित भुगतान से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
