पत्नी विवाद के बीच युवक से मारपीट, दो आरोपियों पर केस दर्ज

दूसरी पत्नी को घर लाने पर बढ़ा विवाद, आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
महासमुंद। जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुटेला निवासी सुबोध बारिक ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व झूलबाई बारिक से हुई थी, लेकिन वर्तमान में दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। इसी दौरान प्रार्थी ने ग्राम जोगनीपाली की एक महिला को चूड़ी पहनाकर पत्नी के रूप में अपने घर ले आया।
इस बात से नाराज उसकी पहली पत्नी झूलबाई घर पहुंची और विवाद करते हुए उसकी मां और दूसरी पत्नी के साथ झगड़ा कर उन्हें घर से भगा दिया। घटना 26 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे की है, जब ग्राम बरबसपुर निवासी राजेश नंद और ग्राम बेलटिकरी निवासी परेश सोना जोगनीपाली पहुंचे। दोनों ने एक राय होकर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।