दो अलग-अलग मारपीट के मामले, तीन आरोपी पर केस दर्ज

गाली-गलौज, डंडे से हमला और रिलेशनशिप विवाद में मारपीट—पुलिस ने शुरू की जांच
महासमुंद। जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहले मामले में ग्राम कोयलारी निवासी जयनिधि रत्नाकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि 20 अप्रैल को ग्राम कोयलारीडीह के गिरधारी पटेल, रोशन उर्फ चंद्रमणि पटेल एवं पप्पू उर्फ चिंतामणि पटेल ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं दूसरे मामले में माधोपाली निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पिछले दो वर्षों से अभय जायसवाल के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी, लेकिन अब आरोपी उसे अपनाने से इनकार कर रहा है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।