अंकोरी में श्री जगन्नाथ मंदिर का तृतीय वार्षिक उत्सव सम्पन्न, अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन से गूंजा गांव

भीषण गर्मी में भी श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, भक्ति-भाव से सराबोर रहा माहौल
महासमुंद। जनपद पंचायत क्षेत्र के आदर्श ग्राम अंकोरी में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के तृतीय वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक उत्सव एवं अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन महायज्ञ श्रद्धा, आस्था और भक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ। चिलचिलाती गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और हरिनाम का अखंड जाप पूरे गांव में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे ग्राम को भक्तिमय बना दिया। विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। ग्रामवासियों ने उनका पारंपरिक तरीके से श्रीफल और अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भोग-भंडारे में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात भी की।
धार्मिक आयोजन से बढ़ती है सामाजिक एकता
सभापति श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं, जो समाज में एकता, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
ग्रामीणों ने उठाई पेयजल समस्या
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बोर खनन कर स्थायी समाधान की मांग की, साथ ही अन्य स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया। इस पर श्री सिन्हा ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों और स्थानीय विधायक से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य राजेंद्र डडसेना, विधायक कार्यालय प्रभारी महेंद्र प्रधान, सरपंच दीप मिश्रा, सोसायटी अध्यक्ष मुरलीधर नायक, रविंद्र डडसेना, नरेंद्र साहू, हीराधर साव, डॉ. सुभाष डडसेना, सुरेंद्र साहू, बिरेंद्र बारीहा, गजानंद डडसेना, प्यारी निषाद, नेहरू सिदार, कुमारमणि, जयलाल डडसेना, कार्तिकराम, पंडित रूपानंद दास, पुजारी किशोर महापात्र, दीपक साहू, चमरू बारिक, छेदूराम निषाद, धर्मराज प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।