भाजपा में नेताओं के शामिल होने पर आप का तीखा हमला, “सत्ता लोलुपता और साजिश का हिस्सा

जिलाध्यक्ष राकेश झाबक बोले- जनता का भरोसा नहीं ले जा सकते, लोकतंत्र से खिलवाड़ का आरोप
महासमुंद। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राकेश झाबक ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी में हालिया शामिल होने वाले नेताओं का कदम सत्ता की लालसा और एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी देशभर में जनता के मुद्दों को लेकर निर्णायक संघर्ष कर रही है और ईमानदार राजनीति का मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है, ऐसे समय में कुछ नेताओं का भाजपा में जाना उनकी मंशा पर सवाल खड़े करता है।
झाबक ने कहा कि यह घटनाक्रम भाजपा द्वारा रचे गए बड़े राजनीतिक षड्यंत्र की ओर इशारा करता है, जिसके जरिए लोकतंत्र और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को कमजोर करने के लिए हर संभव हथकंडा अपना रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ने जिन नेताओं को राज्यसभा तक पहुंचाया, वे भले ही अपनी कुर्सी के साथ जा सकते हैं, लेकिन जनता का भरोसा अपने साथ नहीं ले जा सकते। यह कदम राजनीतिक नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के कई सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंदर गुप्ता के भाजपा में शामिल होने की खबरों से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।