कांग्रेस नेताओं का भव्य स्वागत, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

तुमगाँव चौक में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
महासमुंद। नगर पंचायत तुमगांव के मुख्य चौक पर उस समय उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज और युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष आकाश शर्मा का आगमन हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका के अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव निखिलकांत साहू के नेतृत्व में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
नेताओं के आगमन पर युवाओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। तुमगाँव चौक पूरी तरह कांग्रेसमय नजर आया, जहां कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच नेताओं का अभिनंदन किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज महासमुंद जिले के प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से युवाओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना समय की जरूरत है।
प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जनसमस्याओं को समझते हुए सक्रिय रूप से जनता की सेवा में जुटें और पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नेताओं के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।
इस स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।