बेलटुकरी में 3.5 किमी पक्की सड़क निर्माण का शुभारंभ, बच्चों को मिलेगा सुरक्षित रास्ता

जनभागीदारी मॉडल से होगा निर्माण, कलेक्टर ने गुणवत्ता पर दिया जोर
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में ग्राम बेलटुकरी में नेशनल हाईवे से स्कूल तक लगभग 3.50 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह निर्णय जनचौपाल में ग्रामीणों की मांग पर जनभागीदारी मॉडल के तहत लिया गया था।
शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाए।
पीएमजेएसवाई के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो चुका है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। गौरतलब है कि अब तक कच्चे मार्ग के कारण खासकर बारिश में बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी होती थी। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।