महतारी वंदन योजना से मिली राशि से परिवार के लिए पौष्टिक आहार जुटाने में खर्च करती हैं यमुना
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अप्रैल 2026/ महतारी वंदन योजना महिलाओं और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बनकर उभर रही है। इससे मिली राशि का महिलाएं अपनी अलग-’अलग जरूरतें पूरी कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के ग्राम डांगरा प्रवास के दौरान आयोजित बाल चौपाल कार्यक्रम में दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम कर्रामाड़ से आई श्रीमती यमुना धनेलिया ने बताया कि वह इस योजना से प्राप्त राशि का उपयोग बेहतर ढंग से कर रही हैं। उन्हांने बताया कि महतारी वंदन की प्रत्येक किश्त की आधी राशि को बेटी दिव्यांशी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा करती है तथा शेष राशि अपने बच्चों और अपने परिवार के लिए पौष्टिक आहार मुहैय्या करने में खर्च करती है।
कक्षा 12वीं तक शिक्षित श्रीमती यमुना ने बताया कि उनका संयुक्त और बड़ा परिवार है जहां अलग-अलग लोगों की अलग-अलग जरूरतें हैं। ऐसे में बच्चों के खानपान पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से वे प्रति सप्ताह बाजार से परिवार के लिए फल एवं पौष्टिक सब्जियां खरीदती हैं तथा सास-ससुर और बुजुर्गों के लिए भी दवाईओं की खरीदी भी इसी राशि से करती हैं। इस तरह श्रीमती यमुना महतारी वंदन योजना से मिली राशि का उपयोग अपने परिवार की बेहतरी के लिए कर रही हैं।
