जिले में जनगणना की तैयारी तेज, 16 अप्रैल से स्व-गणना शुरू

ऑनलाइन पोर्टल से खुद भरें फॉर्म, 1 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम
महासमुंद। जिले में जनगणना को लेकर तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के तहत तेज़ी से जारी हैं। गुरुवार 16 अप्रैल से नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा शुरू कर दी गई है। अब लोग निर्धारित एसई वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्वयं पोर्टल पर अपना स्व-गणना फॉर्म भरकर इसकी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया नागरिकों की सुविधा के लिए सरल और सुरक्षित बनाई गई है। घर का मुखिया इस फॉर्म को भर सकता है और एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही फॉर्म भरा जा सकेगा। फॉर्म भरने का समय सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक निर्धारित है। फॉर्म जमा करने पर एक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना होगा।
यदि कोई नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो 1 से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान प्राप्त सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसे किसी भी प्रकार के साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी दें, क्योंकि जनगणना के आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का आधार बनते हैं।
जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रह करेंगे और स्व-गणना से भरी गई जानकारी का सत्यापन भी करेंगे।
जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए 15 अप्रैल से प्रगणकों और सुपरवाइजर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है, जो तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।