कायतपाली में नवीन सहकारी समिति का उद्घाटन, किसानों को मिलेगी खाद-बीज व ऋण की सुविधा
महासमुंद। ग्राम कायतपाली में किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवीन कृषि साख सहकारी समिति का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात मिली।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल गढ़फुलझार अध्यक्ष नरहरि पोर्टे, भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेश साहू, आकाश सिन्हा, कायतपाली सरपंच प्रतिनिधि परदेसी यादव, उप सरपंच मोहर लाल डड़सेना, पलसापाली (अ) सरपंच प्रतिनिधि वीरू यादव एवं देवरी पंचायत के सरपंच सुरेश कोसरिया शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर एवं श्रीफल फोड़कर नवीन समिति का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष एवं किसान बंधुओं द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में सभापति श्री प्रकाश सिन्हा ने कहा कि कायतपाली में सहकारी समिति की स्थापना से किसानों को अब खाद, बीज एवं कृषि ऋण जैसी आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में अंकोरी सोसायटी अध्यक्ष मुरलीधर नायक, चिमरकेल सोसायटी अध्यक्ष भोजकुमार साव, पूर्व सरपंच रविंद्र डड़सेना, विधायक कार्यालय प्रभारी महेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं किसान उपस्थित रहे।
