अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत, रैली और मॉक ड्रिल से जागरूकता अभियान तेज

20 अप्रैल तक होंगे विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम
महासमुंद। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान आमजन को आग से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
कार्यक्रम के पहले दिन 14 अप्रैल को जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नगर सेना दिनेश कुमार रावटे के मार्गदर्शन में नगर सेना कार्यालय से ग्राम बेमचा तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बैनर और पाम्पलेट के माध्यम से लोगों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। इस रैली में 20 महिला नगर सैनिक एवं 40 पुरुष नगर सैनिक सहित कुल 60 जवान शामिल हुए।
केन्द्रीय विद्यालय में फायर मॉक ड्रिल आयोजित
अग्निशमन सेवा सप्ताह के द्वितीय दिवस पर केन्द्रीय विद्यालय महासमुंद में अग्निशमन दल द्वारा फायर लाइव डेमोंस्ट्रेशन (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया गया। इस दौरान आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 अप्रैल को महर्षि विद्या मंदिर में लाइव डेमो दिया जाएगा। 18 अप्रैल को सोहम हॉस्पिटल में लाइव डेमोंस्ट्रेशन, 19 अप्रैल को नगर सेना कार्यालय में आग पर काबू पाने का प्रशिक्षण और 20 को सप्ताह भर के कार्यक्रमों की समीक्षा एवं समापन होगा। इस पूरे अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को आगजनी की घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के लिए प्रशिक्षित करना है।