खेलों से सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता : केंद्रीय राज्यमंत्री
दंतेवाड़ा, 31 मार्च 2026। केंद्रीय राज्य मंत्री (युवा मामले एवं खेल) रक्षा निखिल खडसे की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के डंकनी सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक का उद्देश्य जिले की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत में जिले में संचालित विकासात्मक गतिविधियों का पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें स्पोर्ट्स सिटी, हॉर्स राइडिंग, थाई बॉक्सिंग, पर्यटन, डिस्ट्रिक्ट साइंस लैब, ‘लक्ष्य’ एवं ‘छू लो आसमान’ जैसी पहलें प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को खेल एवं कौशल विकास से जोड़ने के प्रयासों को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती खडसे ने कहा कि नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की शुरुआत छत्तीसगढ़ में की गई है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिल सके। मंत्री ने समाज प्रमुखों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जिले में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित समाज प्रमुखों से सुझाव भी आमंत्रित किए। समाज प्रमुखों ने खेल अधोसंरचना के विकास, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की गई। इस बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, सर्व आदिवासी समाज प्रमुख, कलेक्टर देवेष कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डायरेक्टर एसएआई श्रीमती ममता ओझा, पीएस टू एमओएस निशा अनंत, डायरेक्टर स्पोटर्स छत्तीसगढ़ तनुजा सलाम, एपीएस अतुल महाजन, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, एडिशनल एसपी आर, के बर्मन सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
