केंद्रीय राज्यमंत्री ने ‘सक्षम’’ में आस्था विद्यालय एवं नवगुरुकुल का किया अवलोकन
बच्चों की प्रतिभा से हुईं प्रभावित, दिया प्रोत्साहन
दंतेवाड़ा, 31 मार्च 2026। केंद्रीय राज्य मंत्री (युवा मामले एवं खेल) श्रीमती रक्षा निखिल खडसे ने ‘सक्षम’’ परिसर का दौरा करते हुए आस्था विद्यालय एवं नवगुरुकुल का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और नवाचारों की सराहना की तथा बच्चों के समग्र विकास के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। अपने भ्रमण के दौरान ‘सक्षम’’विद्यालय में मंत्री श्रीमती खडसे ने फिजियोथेरेपी कक्ष, शयन कक्ष एवं मेस का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। विद्यालय भ्रमण के दौरान बच्चों ने मनमोहक संगीत प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया। मंत्री ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव, पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में भी जाना। मंत्री श्रीमती खडसे ने ‘सक्षम’’ की इस समग्र एवं नवाचारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास नई पीढ़ी को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस क्रम में उन्होंने आस्था विद्यालय में उन्होंने साइंस लैब का भी अवलोकन किया, जहां बच्चों द्वारा किए जा रहे प्रयोगों और वैज्ञानिक गतिविधियों को देखकर उन्होंने विषेष रूप से प्रोत्साहित किया। और उनके भावी करियर के बारे में जानना चाहा। इसके पश्चात उन्होंने नवगुरुकुल का दौरा किया, जहां चल रही कोडिंग कक्षाओं को देखा। उन्होंने विशेष रूप से इस पहल की सराहना की कि कैसे बच्चों को कोडिंग के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है। यहां के विद्यार्थी न केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि प्लेसमेंट के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार भी हासिल कर रहे हैं। यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर देवेष कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डायरेक्टर एसएआई श्रीमती ममता ओझा, पीएस टू एमओएस निशा अनंत, डायरेक्टर स्पोटर्स छत्तीसगढ़ तनुजा सलाम, एपीएस अतुल महाजन, जिला षिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, डीएमसी हरीश गौतम, सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
