24 घंटे में चोरी का खुलासा: सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए दो आरोपी

महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने मुर्गी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को वार्ड क्रमांक 23 पिटियाझर निवासी बसंत चन्द्राकर ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पतेरापाली नहर डायवर्सन के पास स्थित उनके मुर्गी फार्म से 35 मुर्गियों (कीमत लगभग ₹3,500) की चोरी हो गई है। फार्म में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर आनंद राय नामक व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दिया।
मामले में थाना महासमुंद पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी आनंद राय को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी नोहर सिंह राजपूत के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 16 नग मुर्गियां (कीमत ₹1,600) और घटना में प्रयुक्त दो पुरानी हीरो साइकिल (कीमत ₹2,000) जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य ₹3,600 आंका गया है। दोनों आरोपियों को 31 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं। इससे न केवल अपराधियों में भय उत्पन्न होता है, बल्कि किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई और ठोस साक्ष्य प्राप्त करने में मदद मिलती है।