तालाब में नहाने गया 15 वर्षीय बालक डूबा
झाड़ियों में फंसने से हुई दर्दनाक मौत
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तोषगांव में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह तालाब के अंदर झाड़ियों और कमल की जड़ों में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी राजेंद्र बरिहा (15), पिता रविशंकर बरिहा, शुक्रवार सुबह अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह तालाब के भीतर कमल की जड़ों में उलझ गया और गहराई में फंसकर डूब गया।
जब अन्य बच्चे घर लौट आए और राजेंद्र काफी देर तक वापस नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। दोपहर करीब 1 बजे तालाब घाट पर उसके कपड़े और चप्पल मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजेंद्र को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल बसना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
