नर्रा की शराब दुकान में 7 लाख का गबन

महासमुंद। जिले के नर्रा क्षेत्र स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में करीब 7 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। इस घोटाले में संलिप्त पाए गए सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टी वर्कर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुपरवाइजर ईश्वर मधुकर, सेल्समैन योगेश चक्रधारी और मल्टी वर्कर हुमन पारे पर आरोप है कि वे पिछले कुछ दिनों से शराब की बिक्री कम दर्शाकर रकम में हेराफेरी कर रहे थे। इस दौरान करीब 7 लाख रुपए का गबन किया गया।
मामले के उजागर होने के बाद संबंधित तीनों कर्मचारियों से उक्त राशि की भरपाई कराए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अब तक इस पूरे मामले में विभाग या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज किए जाने या खुलासा किए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।