90 हजार का गांजा के साथ 2 युवक गिरफ्तार
दलदली रोड काली मंदिर के पास ग्राहक तलाशते पकड़ाए आरोपी
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि नयापारा स्थित दलदली रोड काली मंदिर के पास दो युवक सफेद प्लास्टिक थैले में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन (कीमत 4 हजार रुपये) और 460 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर 94, 460 रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ यादव (18) निवासी नयापारा और प्रियांशु चौहान (19) निवासी शिव चौक, महासमुंद के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
