23 मार्च से शुरू होगी पंचायत चुनाव की नामावली प्रक्रिया

5 मई को अंतिम सूची प्रकाशित
.नारायणपुर, 13 मार्च 2026// छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत निर्वाचन नामावली तैयार करने एवं संशोधन का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इस संबंध में आयोग द्वारा आदेश जारी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पंचायत राज अधिनियम 1993 तथा पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के प्रावधानों के तहत प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। इसके अंतर्गत अधिकारियों की नियुक्ति, कर्मचारियों का चयन, प्रशिक्षण, नामावली का प्रारूप तैयार करना तथा उसके प्रकाशन सहित विभिन्न चरणों में कार्य संपन्न किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 मार्च 2026 तक रजिस्ट्रेशन अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की नियुक्ति तथा प्रारंभिक कार्यों के लिए कर्मचारियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद 24 मार्च को संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 25 मार्च तक निर्वाचन आयोग से प्राप्त विधानसभा की आधार निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालयों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके पश्चात 27 मार्च से लेकर 2 अप्रैल 2026 तक विधानसभा निर्वाचन नामावली को पंचायत वार विभाजित कर आवश्यक प्रविष्टियों का सत्यापन किया जाएगा। 7 अप्रैल तक मतदाता सूची की चेकलिस्ट तैयार की जाएगी तथा 8 अप्रैल तक चेकलिस्ट की जांच और त्रुटि सुधार का कार्य पूर्ण किया जाएगा। 9 अप्रैल 2026 को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचक नामावली का मुद्रण कर उसे रजिस्ट्रेशन अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 13 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद आम नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। वहीं दावे और आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026 तय की गई है।
पंजीकरण अधिकारी अथवा सहायक पंजीकरण अधिकारी के समक्ष दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों का निराकरण करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) तय की गई है। वहीं दावे या आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरुद्ध अपील करने की अंतिम तिथि निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिनों के भीतर रखी गई है। इसके बाद मतदाता सूची में परिवर्तन, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रविष्टियों को सॉफ्टवेयर में दर्ज करने का कार्य 29 अप्रैल 2026 (बुधवार) तक पूरा किया जाएगा। चेकलिस्ट का पंजीकरण अधिकारी द्वारा परीक्षण एवं पीडीएफ मुद्रण हेतु जिला कार्यालय को भेजने की अंतिम तिथि 02 मई 2026 (शनिवार) निर्धारित की गई है। अनुपूरक सूचियों का मुद्रण तथा उन्हें मूल सूची के साथ संलग्न करने का कार्य 04 मई 2026 (सोमवार) तक किया जाएगा। इसके पश्चात 05 मई 2026 (मंगलवार) को मतदाता नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।