कलेक्टर ने बम्हनी और मटवाल विद्यालयों का किया निरीक्षण

बीईओ, बीआरसी और सीएसी को नोटिस जारी करने के निर्देश
कोंडागांव, 13 मार्च 2026/ कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने शुक्रवार को ग्राम बम्हनी और मटवाल के विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर परखा। उन्होंने विद्यार्थियों को विषयवार पढ़ाकर उनकी शैक्षणिक स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले उच्च प्राथमिक शाला बम्हनी में विज्ञान विषय की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। इसके बाद शासकीय हाईस्कूल मटवाल में अध्यापन कार्य का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों के गणित विषय के ज्ञान का परीक्षण किया। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया।
इसी प्रकार माध्यमिक शाला मटवाल के निरीक्षण के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं पाई गईं। निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बीईओ, बीआरसी और सीएसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और डीएमसी को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।