घोर नक्सल प्रभावित कोड़लियार में गोटूल में लगा आवास चौपाल
जिला पंचायत सीईओ ने की ग्रामीणों से सीधी चर्चा
नारायणपुर, 13 मार्च 2026// प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत कुतुल के आश्रित ग्राम कोड़लियार के घोटूल में पहली बार आवास चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो द्वारा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् आवास निर्माण की प्रगति और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। आवास चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सीईओ खलखो को गांव में पेयजल, सड़क, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी। इस पर सीईओ खलखो ने ग्रामीणों को आवास निर्माण के साथ-साथ शौचालय निर्माण भी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया, ताकि गांव में स्वच्छता और बेहतर जीवन स्तर को बढ़ावा मिल सके। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच और उपसरपंच ने आश्वासन दिया कि आवास निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएगी और एक माह के भीतर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। घोटूल में आयोजित इस आवास चौपाल से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में एक सकारात्मक पहल देखने को मिली।
