सितली अभियान फिर हुआ तेज, सौंदर्यीकरण कार्य दोबारा शुरू
जलभराव और होली के कारण रुका काम अब युद्ध स्तर पर शुरू
महासमुंद। स्वाध्याय केन्द्र समिति द्वारा सितली नाला के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण के लिए संचालित ह्लअविरल सितलीझ्रनिर्मल सितलीह्व अभियान एक बार फिर पूरी गति के साथ प्रारंभ हो गया है। जलभराव और होली पर्व के कारण आए अस्थायी ठहराव के बाद 12 मार्च से श्मशान घाट क्षेत्र में चल रहे कार्यों को पुन: तेज कर दिया गया है।
बीते कुछ समय से कार्य स्थल पर जलभराव तथा त्योहारों की व्यस्तता के चलते चैन माउंटेन मशीन के संचालन में कठिनाई आ रही थी, जिससे निर्माण और सफाई कार्यों की गति प्रभावित हो गई थी। समिति ने पहले ही निर्णय लिया था कि पानी सूखते ही और त्योहार संपन्न होने के बाद अभियान को फिर से शुरू किया जाएगा। स्वाध्याय केन्द्र समिति के सचिव मोहन साहू ने विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि अब जलभराव की समस्या समाप्त हो गई है और चैन माउंटेन मशीन को पुन: कार्य में लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि समिति का लक्ष्य रुके हुए कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना है, ताकि नाले के स्वरूप में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी शीघ्र पूर्ण हो सके। सितली नाला में चल रहे इस निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य से स्थानीय नागरिकों को भविष्य में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
