छत्तीसगढ़ में फल-फूल रहा अवैध नशे का कारोबार- संजय यादव
महासमुंद। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश सह सचिव संजय यादव ने छत्तीसगढ़ में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्ग के समोदा में भाजपा नेता द्वारा अफीम की खेती का मामला सामने आना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में नशे के कारोबार को संरक्षण मिल रहा है।
यादव ने कहा कि दुर्ग के बाद अब बलरामपुर में भी बड़ी मात्रा में नशे की फसल मिलने से प्रदेश में सक्रिय नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका आरोप है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही सरकारें नशे के कारोबार को रोकने में विफल रही हैं। उन्होंने मांग की कि जिन स्थानों पर 100 से 150 एकड़ या उससे अधिक क्षेत्र में अफीम की खेती हो रही है, वहां जिला स्तर पर टीम बनाकर जांच कराई जाए और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि इस अवैध खेती के पीछे कौन लोग शामिल हैं और तैयार अफीम कहां भेजी जा रही थी। संजय यादव ने कहा कि के युवा शराब, गांजा, अफीम और चरस जैसे नशों की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध अफीम और ड्रग्स के कारोबार की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
