कलेक्टर ने संजय का किया सम्मान
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने यूपीएससी रिजल्ट 2025 में सफलता हासिल करने वाले जिले के प्रतिभाशाली युवा संजय डहरिया को कलेक्टर कक्ष में सम्मानित किया। कलेक्टर ने उन्हें गुलदस्ता और मोमेंटो भेंट कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि यूपीएससी की चयन सूची में स्थान बनाना अत्यंत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि शारीरिक परेशानी के बावजूद संजय डहरिया ने मानसिक दृढ़ता और लगन का परिचय देते हुए यह सफलता हासिल की है, जो वास्तव में असाधारण है। कलेक्टर ने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल उनके माता-पिता और परिवार बल्कि पूरे महासमुंद जिले का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संजय डहरिया अपनी सेवा के दौरान समाज और आम नागरिकों के हित में उत्कृष्ट कार्य करेंगे और हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। उल्लेखनीय है कि विकासखंड महासमुंद के ग्राम बेल्टुकरी निवासी संजय डहरिया, पिता लखन डहरिया ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और जिले का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल, विजय डहरिया, पुनेश्वर डहरिया, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य एस.आर. बंजारे, प्रदेश सहसचिव दिनेश बंजारे, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती नूतन कुर्रे, तारिणी बर्मन, युवा जिलाध्यक्ष तेजराम चौलिक, युवा प्रकोष्ठ महासमुंद के ब्लॉक अध्यक्ष महेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
