नपा उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण,कहा निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग नहीं की जा रही
महासमुंद। नगर पालिका द्वारा अधोसंरचना मद से निर्माणाधीन सीसी नाली का निरीक्षण नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने किया। महामाया मंदिर से गांधी चौक तक सीसी नाली का निर्माण जारी है। राठी ने बताया कि जहां से नाली निर्माण शुरू किया गया, वहां से छोड़कर आगे से बनाया जा रहा है। ठेकेदार से कहा गया कि यह व्यस्तम मार्ग है, शीघ्र नाली निर्माण कराएं। नाली की खुदाई कर न छोड़ें, इससे लोगों को परेशानी होगी। खुदाई के बाद मलमा को तत्काल हटाने कहा गया। नाली निर्माण उपरांत ऊपर में स्लैब लगाने का काम किया जाए , गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। नपा सीएमओ से कहा गया कि जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहा है, उसकी मानिटरिंग नपा द्वारा नहीं हो रही है। सब इंजीनियर मौके पर नहीं जाते , जिससे ठेकेदार लापरवाही और मनमानी करते हैं। स्वयं सीएमओ को भी स्थल पर पहुंचकर गुणवत्ता की जांच करने के लिए कहा गया। शहर में जहां निर्माण जारी है, वहां पर निर्माण के बाद पानी की क्यूरिंग नहीं की जा रही है, जिससे निर्माण कमजोर हो रहा है। जबकि, कांक्रीट के बाद बोरा बिछाकर पानी से क्यूरिंग होनी चाहिए। संबंधित ठेकेदार को नोटिस देकर जांच कराने तथा क्यूरिंग यदि ठेकेदार नहीं कराता है तो नपा से कराने और ठेकेदार से वसूली करने की बात कही गई।
