पथर्री में सामाजिक भवन के लिए किया गया भूमिपूजन
महासमुंद। छत्तीसगढ़ घासी घसिया सहिस सारथी कल्याण समिति जिला इकाई महासमुंद अंतर्गत कौड़िया परिक्षेत्र की वार्षिक बैठक पथर्री में संपन्न हुई। कार्यक्रम में प्रांताध्यक्ष केआर सागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, अध्यक्षता जोहन लाल साहनी ने की। बैठक में परिक्षेत्र की आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा आगामी वर्ष के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। समाज को संगठित करते हुए शिक्षा, रोजगार और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। सारथी समाज ने पूर्व में ग्राम पंचायत पथर्री से सामाजिक भवन के लिए भूमि की मांग की थी। पंचायत ने सकारात्मक पहल करते हुए चंडी मंदिर परिसर में भूमि चिन्हित कर आवंटित की। इसी भूमि पर प्रांताध्यक्ष केआर सागर एवं समाजजनों ने भूमिपूजन किया ।
इस अवसर पर केआर सागर ने कहा,लगभग प्रत्येक समाज के पास ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक सामाजिक भवन उपलब्ध है, जहाँ बैठक, विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजन होते हैं। अब हमारे समाज के लिए भी ऐसे भवनों का निर्माण समय की आवश्यकता है। आज पथर्री में भूमि पूजन हमारे समाज के लिए गौरव और सौभाग्य का क्षण है। उन्होंने विधायक एवं सांसद से शासन स्तर पर भवन निर्माण की मांग करने तथा समाजजनों से आर्थिक व श्रमदान सहयोग का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में सुनील सोनवानी, डिगेश सागर, रामेश्वर साहनी, इंदल साहनी, मनोज सेन्द्रे, संतोष साहनी, तारा साहनी सहित पिथौरा, बागबाहरा एवं महासमुंद क्षेत्र के अनेक समाजजन उपस्थित रहे। संचालन रामेश्वर साहनी एवं आभार प्रदर्शन इंदल साहनी ने किया। जानकारी जिलाध्यक्ष तुलेन्द्र कुमार सागर ने दी।
