कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय घेराव आज

महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के आह्वान पर ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत कल गुरुवार दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय महासमुंद का घेराव व विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि व्ही बी-जी राम -जी विधेयक के माध्यम से मनरेगा को उसके मूल स्वरूप से कमजोर करने का षड्यंत्र किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने इस जनविरोधी विधेयक को तत्काल वापस लेने और मनरेगा को उसके मूल अधिकारों सहित बहाल करने की मांग की। श्री यादव ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों की आजीविका का सबसे बड़ा आधार है, लेकिन वर्तमान सरकार लगातार इसके बजट, रोजगार दिवस और कानूनी अधिकारों में कटौती कर रही है। इसका सीधा असर गांवों की अर्थव्यवस्था और लाखों परिवारों की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है। उन्होने बताया कि धरना-प्रदर्शन के पश्चात कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मनरेगा से जुड़ी जनविरोधी नीतियों को वापस लेने की मांग प्रमुख रूप से रखी जाएगी।