स्कूटी से 24 किलो गांजा के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने ओडिशा से स्कूटी पर गांजा तस्करी कर रहे एक महिला सहित एक पुरूष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आयोपियों से 24 किलो गांजा सहित तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20बी (2) (सी), 29 का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि दो लोग स्कूटी क्रमांक सीजी 07 सीएल 2661 में ओड़ीसा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं, सूचना पर घेराबंदी की गई । कुछ देर बाद उक्त वाहन को रोका गया जिसमें एक महिला व पुरूष सवार थे। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम- पता राजीव नगर वार्ड-19 सुपेला भिलाई दुर्ग छत्तीसगढ़ निवासी राजेश चौहान (31) और वार्ड-08 सुपेला भिलाई दुर्ग छत्तीसगढ़ निवासी राजकुमारी बंजारे ( 35) बताया । पुलिस ने वाहन में रखे दो कार्टून की तलाशी ली, जिससे 24 किलो गांजा (कीमती 12 लाख रुपए) गांजा बरामद हुआ । पुलिस ने गांजा के अलावा आरोपियों से स्कूटी और दो नग मोबाइल भी जब्त किया है।