गणतंत्र दिवस पर उल्लास मेले का किया गया आयोजन

जिले में साक्षरता के प्रति जागरूकता का दिखा उत्साह
नारायणपुर, 28 जनवरी 2026// साक्षरता के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करने, प्रचार-प्रसार करने तथा नवसाक्षरों की समझ और दक्षता को परखने के उद्देश्य से 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर नारायणपुर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं आश्रित गांवों में उल्लास मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन गणतंत्र दिवस समारोह स्थल पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
उल्लास मेले में नवसाक्षरों द्वारा स्वयं तैयार किए गए विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शनी लगाई गई। इन स्टॉलों में अक्षरों एवं अंकों की पहचान, चित्रों की पहचान, शब्द निर्माण, जोड़-घटाना, गिनती सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं जीवनोपयोगी कौशलों का प्रदर्शन किया गया। स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को उल्लास कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही आयोजन स्थल पर खेल गतिविधियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे मेले में उत्सव का माहौल बना रहा। उल्लास मेले को आम जनता से काफी सराहना मिली, जिससे नवसाक्षरों का आत्मविश्वास बढ़ा तथा समाज में साक्षरता के प्रति रुचि और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहन मिला।
उल्लास मेला कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि साक्षरता केवल शिक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि सशक्त समाज और आत्मनिर्भर नागरिकों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।