जिला मोहला-मानपुर से एफ.पी.ओ. के सदस्यों ने किया केविके एवं मल्टीएक्टिविटी सेंटर कोचवाही का भ्रमण
नारायणपुर, 28 जनवरी 2026// एच.डी.एफ.सी. बैंक द्वारा संचालित समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम परिवर्तन के अंतर्गत 27 एवं 28 जनवरी को जिला मोहला-मानपुर से आए किसान उत्पादक संगठन (एफ.पी.ओ.) के सदस्यों का कृषि विज्ञान केंद्र, नारायणपुर में दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।
भ्रमण के दौरान एफ.पी.ओ. के सदस्यों को कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. दिब्येन्दु दास द्वारा केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली एवं प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। साथ ही यह जानकारी दी गई कि फसल उत्पादन, पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन एवं प्राकृतिक खेती के समन्वय से कम लागत में अधिक आय प्राप्त की जा सकती है। प्राकृतिक खेती के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य में सुधार, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान इंद्र कुमार द्वारा किसानों को मशरूम की खेती से संबंधित विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने मशरूम उत्पादन की विधि, आवश्यक संसाधन, लागतदृलाभ विश्लेषण एवं विपणन संभावनाओं के बारे में जानकारी देते हुए इसे स्वरोजगार एवं अतिरिक्त आय का प्रभावी माध्यम बताया। इसके पश्चात प्रतिभागियों को प्रक्षेत्र भ्रमण कराते हुए वहां स्थापित विभिन्न प्रदर्शन इकाइयों जैसे कड़कनाथ पालन, बटेर पालन, बकरी पालन, गाय पालन, मछली सह बतख पालन, केंचुआ खाद उत्पादन इकाई, कस्टम हायरिंग सेंटर, मशरूम उत्पादन इकाई, उद्यानिकी नर्सरी तथा कड़कनाथ एवं बटेर अंडा हैचिंग इकाइयों का अवलोकन कराया गया एवं विस्तृत जानकारी दी गई।
तत्पश्चात कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से समूह द्वारा संचालित मिलेट कैफे नारायणपुर एवं मल्टीएक्टिविटी सेंटर कोचवाही का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान मिलेट कैफे में रागी, कोदो एवं कुटकी से निर्मित पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों तथा मल्टीएक्टिविटी सेंटर कोचवाही में मिलेट्स कुकीज उत्पादन इकाई, मुर्गी पालन, बटेर पालन, गाय पालन, मछली सह बतख पालन, केंचुआ खाद उत्पादन इकाई, आजोला उत्पादन इकाई एवं फेंसिंग पोल निर्माण इकाइयों का अवलोकन कराया गया।
इस दौरान एफ.पी.ओ. के सदस्यों ने समूह की महिलाओं से विस्तृत चर्चा की, जिससे प्राप्त जानकारी से उनमें काफी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के राकेश साहू, जयराम वड्डे, राजेश साहू, रवित कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
