77वां गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास के साथ संपन्न
आदिवासी विकास विभाग की झांकी ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
नारायणपुर, 28 जनवरी 2026// जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप रहे। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली गई। समारोह में पुलिस बल, स्कूली बच्चों एवं विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं नृत्यों के माध्यम से देशप्रेम का संदेश दिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर वन, आदिम जाति, शिक्षा, महिला बाल विकास, लाईवलीहुड, जल संसाधन, पीएचई, पुलिस यातायात, मत्स्य, कृषि, रेशम, उद्यानिकी, क्रेडा, जिला पंचायत, नगरपालिका, स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकास एवं जनकल्याण से संबंधित झांकी प्रदर्शनी भी निकाली गई थी, जिसमें प्रथम स्थान आदिम जाति कल्याण विभाग, द्वितीय स्थान पुलिस एवं जेल विभाग और तृतीय स्थान क्रेडा, श्रम, रेशम, रोजगार एवं मार्गदर्शन एवं लाईवलीहुड कॉलेज संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
विभागों द्वारा झांकियों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया था। आदिवासी विकास विभाग की झांकी में जिले की जनजातीय संस्कृति, लोककला, पारंपरिक जीवनशैली एवं जनजातीय विकास योजनाओं का सजीव चित्रण किया गया था, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। निर्णायक मंडल द्वारा झांकी को सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए आदिवासी विकास विभाग की झांकी को प्रथम स्थान दिया गया।
