जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में 4 खिलाड़ी होंगे शामिल

बागबाहरा के 18 खिलाड़ियों ने जीते 20 राष्ट्रीय पदक
महासमुंद। 45वीं एनटीपीसी जूनियर (इंडियन राउंड, कंपाउंड राउंड एवं रिकर्व राउंड) नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप का आयोजन रायपुर छत्तीसगढ़ में 22 से 30 दिसंबर तक आयोजित है। महासमुंद जिले के 04 खिलाड़ी खोपली निवासी कमलेश साहू, मौलीमुड़ा निवासी चांदनी साहू, बिहाझर निवासी पद्मा साहू व भोरिंग महासमुंद निवासी देविका साहू शामिल होंगे। हाल ही में चांदनी साहू ने सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप महिला वर्ग के इंडियन राउंड में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में शामिल होकर रजत पदक एवं टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल कर चुकीं हैं। नेशनल गेम्स उत्तराखंड में चांदनी साहू 02 पदक जीतने में सफलता हासिल कर चुकीं हैं। छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा चांदनी साहू को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव पुरस्कार प्रदान किया गया है।
पद्मा साहू नेशनल गेम्स उत्तराखंड में भागीदारी करने के साथ ही सब-जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप रायपुर में 03 पदक जीतने में सफलता हासिल कर चुकी हैं। इस बार जूनियर नेशनल में बेहतर प्रदर्शन करने एवं पदक जीतने की उम्मीद जताई गई हैं। वर्ष 2008 से बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा में तीरंदाजी खेल का अभ्यास डॉ. विकास अग्रवाल (पूर्व अधीक्षक बॉल आश्रम बिहाझर) के माध्यम से चलाया गया। 2008 से अब तक 18 खिलाड़ियों ने लगभग 40 से अधिक नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में भागीदारी कर 20 राष्ट्रीय पदक जीतने में सफलता हासिल की हैं।
बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा के राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों में एवन कुमार साहू, नवलीन कौर, संजय सोनवानी, नरेश साहू, पद्मा साहू, चांदनी साहू, सत्यभामा साहू, हेमंत निषाद, तोरण यादव, नयन सिंह, जया साहू, कमलेश साहू, तृषा प्रजापति, वैशाली साहू, लक्ष्मण चंद्राकर, टुकेश, राहुल यादव, पीयूष, चांदनी साहू, पीरित राम साहू शामिल हैं, इन खिलाड़ियों में से एवन कुमार साहू ने सोनीपत हरियाणा में जूनियर इंडिया तीरंदाजी कैंप (एनआरटी) के माध्यम से चयनित हुए थे। पद्मा साहू भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) सोनीपत हरियाणा में प्रशिक्षण प्राप्त कर साऊथ कोरिया में जाकर किम हांग टक आर्चरी ट्रेंनिंग सेंटर कोरिया में कोरियन प्रशिक्षक द्वारा ट्रेनिंग प्राप्त की हैं। नवलीन कौर सतारा महाराष्ट्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। संजय सोनवानी एवं राहुल यादव, सत्यम साहू, हेमंत निषाद भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) रायपुर से प्रशिक्षण प्राप्त किए हैं। चांदनी साहू, चांदनी, जया साहू, वैशाली साहू, जया पहाटिया, टुकेश, पीयूष, कमलेश साहू ने खेलो इंडिया एक्सीलेंसी सेंटर बहतराई बिलासपुर से प्रशिक्षण प्राप्त किए है। नरेश साहू, सत्यभामा, कुशो राम ने कोदूराम वर्मा तीरंदाजी अकादमी रायपुर से प्रशिक्षण प्राप्त किए है। खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद द्वारा एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग महासमुंद में वर्ष 2023 से संचालित हैं, जिसके माध्यम से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग एवं खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर के 17 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भागीदारी कर 10 पदक जीतने में सफलता हासिल की हैं।