प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, 10 गांव का चयन
बलरामपुर, 28 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर ग्रामीणों में और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम पंचायत पचावल को मॉडल सोलर विलेज विकसित किये जाने हेतु ग्राम पंचायत भवन में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्रेडा विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव, जनप्रतिनिधि व ग्रामवासी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा तीन किलोवाट तक के सोलर पैनल लगाने पर अनुदान प्रदान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवार अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर न केवल मुफ्त बिजली प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त विद्युत को ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
क्रेडा विभाग के अधिकारी ने बताया है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत जिले के ग्राम पंचायत विजय नगर, पंडरी, महाराजगंज, पचावल, महावीरगंज, बसंतपुर, त्रिशुली, सनावल, कामेश्वरनगर एवं तालकेश्वरपुर का चयन किया गया है। चयनित ग्रामों को सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही इन ग्रामों में आगामी 06 महिनों तक स्पर्धा आयोजित की जाएगी। जिस ग्राम में सबसे ज्यादा सोलर रूफ-टॉप सिस्टम लगाये जाऐंगे उस ग्राम को सोलर विलेज बनाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 01 करोड़ की राशि प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और हर घर को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। इस योजना से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान मिलेगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ लें।
