आकांक्षी योजना, शैक्षणिक गुणवत्ता व करियर विकल्पो पर मार्गदर्शन
बलरामपुर, 28 नवम्बर 2025। आकांक्षी योजना अंतर्गत विकासखंड शंकरगढ़ में विभागीय जनपद सीईओ श्री वेदप्रकाश पाडेण्य के द्वारा संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद जनपद सीईओ ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की प्रगति के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
जनपद सीईओ ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति, शिक्षण की गुणवत्ता तथा उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। वे कक्षा 12वीं की कक्षा में जाकर छात्रों से संवाद कर पढ़ाई, परीक्षा तैयारी तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना। इस दौरान छात्रों ने अध्ययन संबंधित शंकाओं का समधान भी लिया। जनपद सीईओ ने परीक्षा की रणनीतियों व करियर चयन के विषय में मार्गदर्शन भी दिया। ब्लॉक कॉर्डिनेटर श्री अमन जयसवाल ने 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने इंजीनियरिंग, चिकित्सा, नर्सिंग, आईटी, कृषि, शिक्षक प्रशिक्षण, तकनीकी कोर्स एवं अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों का परिचय देते हुए कहा कि छात्रों को अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार विषय एवं करियर का चयन करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम श्री यश जायसवाल ने विद्यालय में संचालित हेल्थ केयर एवं स्किल संबंधित पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण की स्थिति, उपलब्ध सामग्री और छात्रों की सहभागिता के बारे में जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विषय में रुचि रखने वाले छात्रों को समय-समय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण की बात कही। जिससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं और वास्तविक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान मिल सके।
