ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बलरामपुर, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सुदेश्वर बने ऊर्जादाता
बलरामपुर, 28 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अब तक 314 नागरिकों द्वारा आवेदन किए जा चुके हैं, जिससे आमजनों में योजना को लेकर उत्साह देखा जा सकता है। इसी कड़ी में नगर पालिका बलरामपुर पुलिस लाईन रोड निवासी श्री सुदेश्वर तिवारी ने प्रेरणादायक पहल करते हुए अपने घर की छत पर 03 किलोवॉट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किया है। श्री तिवारी ने बताया कि सूर्य की अनंत ऊर्जा को अपनाकर हर घर अपनी विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं कर सकता है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि भविष्य में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस योजना को तेजी से आम नागरिकों तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। योजना के तहत सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा 30 हजार से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। योजनान्तर्गत शासन द्वारा 01 किलोवाट पर 45 हजार रुपए, 02 किलोवाट पर 90 हजार रुपए तथा 03 किलोवॉट पर 01 लाख 08 हजार रुपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सुदेश्वर तिवारी की पहल उदाहरण है कि जब सरकारी योजनाएँ नागरिकों की दूरदर्शिता और सक्रिय सहभागिता से जुड़ती हैं, तब ऊर्जा-आत्मनिर्भर भारत का सपना वास्तविकता में बदलने लगता है।
