शराब फैक्ट्री पिकाडिली को समोदा बैराज से पानी दिया तो करेंगे उग्र आंदोलन: विनोद

48 ग्रामों के हिस्से की पानी शराब फैक्ट्री को देने की तैयारी
महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन काल में स्वीकृत समोदा-अछोला समूह जल प्रदाय योजना पर भाजपा सरकार की कुदृष्टि है। यह सरकार क्षेत्र के 48 ग्रामों तक पानी पहुंचाने की योजना पर पानी फेरने की मंशा से काम कर रही है। चंद्राकर ने कलेक्टर को पत्र लिखकर पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज द्वारा निर्माणाधीन इंटेकवेल कार्य को रोकने तथा पानी नहीं दिए जाने तथा अनुबंध निरस्त करने की मांग की है। उन्होनें कहा है कि यदि शराब निर्माण के लिए पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज को पानी दिया जाता है तो 48 ग्रामों के ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
श्री चंद्राकर ने पत्र में कहा है कि समोदा बैराज से महासमुंद विधानसभा के 48 ग्रामों के 15238 परिवारों के 70 हजार आबादी को 12909 नल कनेक्शन के माध्यम से समोदा-अछोला जल प्रदाय योजना के तहत पानी देना प्रस्तावित है। इसी बैराज से पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज को बीयर व शराब निर्माण के लिए जलापूर्ति किये जाने के लिए अलग से इंटेकवेल का निर्माण किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो इन 48 ग्रामों को पानी देना संभव नहीं होगा। क्योंकि बीयर व शराब निर्माण के लिए अत्यधिक मात्रा में पानी की खपत होगी। उन्होंने कहा कि समोदा बैराज का जलभराव क्षमता 29.91 एमसीएम है। रायपुर जिला के ग्राम खरोरा स्थित अडानी द्वारा संचालित एक संयंत्र को इसी बैराज के जलभराव कुल क्षमता के 19 एमसीएम पानी की आपूर्ति की जा रही है। अब शेष 10 एमसीएम पानी में से खरोरा नगर पंचायत को भी नल-जल योजना के तहत इसी बैराज से पानी दिया जा रहा है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि समोदा बैराज से बंदोरा, छपोराडीह, खड़सा, जलकी, भोरिंग, पासिद, परसाडीह, अछरीडीह, अचानकपुर, बांसकुड़ा, अमलोर, सुकुलबाय, लहंगर, अछोला, गढ़सिवनी, घोड़ारी, बिरकोनी, सिरपुर, खैरझिटी, तेंदूवाही, अछोली, बोरिद, बिरबिरा, केडियाडीह, बरबसपुर, कुकराडीह, मोहकम, जोबा, मालीडीह, बेलटुकरी, पिरदा, चुहरी, पीढ़ी, करार्डीह, मुड़ियाडीह, नांदबारू, बड़गांव, केसलडीह, फुसेराडीह, खिरसाली, गुडरूडीह, खट्टीडीह, खमतराई, रायकेरा, मरौद, सेनकपाट, कुहरी, अमावस को पानी देना प्रस्तावित है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.